BREAKING

छत्तीसगढ़

संवाद से समाधान अभियान के तहत प्राचार्यगण की समन्वय बैठक आयोजित_Newsxpress

CG News | उत्तर जोन के अंतर्गत समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों की समन्वय बैठक मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन की अध्यक्षता में, अपर पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा की उपस्थिति में सिविल लाइन स्थित C-4 बिल्डिंग में आयोजित की गई।

यह बैठक हाल ही में एक विद्यालय में छात्र द्वारा चाकू लहराने की घटना को गंभीरता से लेते हुए आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।बैठक में पुलिस उपायुक्त महोदय द्वारा सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कराई जाए तथा अनुशासनहीन एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्यालयों में समय-समय पर बैग चेकिंग, आईडी कार्ड की अनिवार्यता, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण एवं सुरक्षा गार्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सभी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील स्थिति में रखने, प्रवेश-निकास द्वार पर निगरानी बढ़ाने, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने तथा विद्यार्थियों हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, छात्र के व्यवहार में असामान्यता अथवा सुरक्षा से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित थाना एवं पुलिस अधिकारियों को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सभी प्राचार्यों द्वारा निर्देशों का पालन करने तथा विद्यालयों में सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।

Related Posts