Durd Bhilai News : (Newsxpress) | सहकार भारती छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा ब्रह्माकुमारीज, भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सहकारिता सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े जी की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के “पंच परिवर्तन” के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता, स्वदेशी सोच और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सहकारिता से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
सम्मेलन में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सहकारिता के माध्यम से सशक्तिकरण तथा उनके नेतृत्व को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश में महिला समूहों को सुदृढ़ करने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे वे समाज और अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को संगठित करने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन , सहकार भारती प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा , प्रदेश महामंत्री कनीराम , अशोक दीवान, अखिल भारतीय महिला प्रमुख रेवती ताई शेंदुर्नीकर, रजनी बघेल, राजयोगिनी मुख्य प्रशासिका ब्रह्माकुमारी भिलाई आशा दीदी सहित बड़ी संख्या में सहकार भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










